राबड़ी देवी के आवास के बाहर राजद कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी

0

रामा सिंह के राजद में शामिल होने का कर रहे थे विरोधरामा सिंह के राजद में शामिल होने की अटकलों पर राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने दिया था पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा



पटना, 26 अगस्त (हि.स.) । पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास के बाहर राजद कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जमकर नारेबाजी की । राजद में पूर्व सांसद रामा सिंह के शामिल होने के कयास को लेकर राजद कार्यकर्ताओं ने यह हंगामा किया है। हाथ में पोस्टर-बैनर लेकर राबड़ी देवी के आवास के बाहर पहुंचे राजद कार्यकर्ता रामा सिंह को पार्टी में शामिल करने का विरोध कर रहे थे।

राबड़ी आवास के बाहर जो कार्यकर्ता हंगामा करने वाले सभी कार्यकर्ता वैशाली के महनार विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। दरअसल, ये कार्यकर्ता तेजस्वी यादव से मिलकर यह कहना चाहते थे कि किसी भी हाल में रामा सिंह को राजद में जगह नहीं दी जाये। राजद के वैशाली जिला उपाध्यक्ष अभय कुमार राय ने कहा कि रामा सिंह की एंट्री किसी भी हाल में राजद में नहीं होनी चाहिए। उन्होंने रामा सिंह पर 34 यादवों की हत्या के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग रामा सिंह को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेंगे। रामा सिंह को लेकर कुछ दिनों से लगातार यह खबरें सामने आ रही हैं कि वे राजद का दामन थामने वाले हैं। ऐसा इसलिए माना जा रहा है क्योंकि तेजस्वी से उनकी नजदीकियां इन दिनों बढ़ गई हैं। ऐसा भी माना जा रहा है कि तेजस्वी वैशाली के पूर्व सांसद रामा सिंह को पार्टी में शामिल कर पार्टी के जनाधार को ज्यादा मजबूत करना चाहते हैं। इधर, सूत्र बताते हैं कि पूर्व सांसद रामा सिंह जल्द ही राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम सकते हैं। वे राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह के धुरविरोधी माने जाते हैं। रामा सिंह ने साफ कर दिया है कि लालू प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और तेजस्वी यादव की सहमति मिलने के बाद ही उन्होंने 29 अगस्त को राजद में शामिल होने का फैसला किया है।

रामा सिंह ने राजद में शामिल होने की तैयारी तो दो महीने पहले ही कर ली थी। उनके राजद की सदस्यता लेने की 29 जून की तारीख भी तय हो गई थी, लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है और साथ ही यह भी अटकलें हैं कि वह राजद से अलग भी हो सकते हैं। वर्ष 2014 में रामा सिंह लोजपा से लोकसभा सांसद बने थे। रामा किशोर सिंह उर्फ रामा सिंह बिहार के बाहुबली नेता के तौर पर जाने जाते हैं। 90 के दशक में रामा सिंह का एक नाम तेजी से उभरा था। हाजीपुर से सटे वैशाली के महनार इलाके में इनका बहुत नाम है। रामा सिंह पांच बार विधायक रहे हैं और 2014 के मोदी लहर में रामविलास पासवान की एलजेपी से वैशाली से सांसद रह चुके हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *