अपराधियों ने बख्तियारपुर में बाप-बेटे को मारी गोली, एक की मौत

0

पटना, 24 अगस्त (हि.स.)। अपराधियों ने लगातार हत्या की घटनाओं  को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी है। बेऊर और शाहपुर के बाद अब पटना के बख्तियारपुर में अपराधियों ने एक साथ बाप-बेटे को गोली मार दी है जिसमें पिता सत्येंद्र सिंह की मौत हो गई है। जबकि बेटा शिशुपाल गंभीर  रूप से जख्मी हो गया है।
पुलिस के अनुसार शिशुपाल अपने पिता को लेकर बाढ़ कोर्ट से सालिमपुर के अलीपुर स्थित अपने घर लौट रहा था। बीच रास्ते में बख्तियारपुर-बिहारशरीफ रोड पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। इसके बाद वे फरार हो गए। अपराधी बाइक पर सवार थे। वारदात की जानकारी मिलते ही बख्तियारपुर के थानेदार कमलेश कुमार शर्मा और बाढ़ के एएसपी कई थानों की पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।
प्रेम प्रसंग में हुआ हमला
पुलिस के अनुसार इस वारदात के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। शिशुपाल का अपने ही इलाके की एक लड़की के साथ अफेयर था। करीब एक साल पहले दोनों भाग गए थे। इसके बाद दोनों को उनके परिवार के लोगों ने पकड़ लिया था। नाबालिग होने की वजह से लड़की को रिमांड होम भेज दिया गया था। इसी मामले में आज बाढ़ कोर्ट में सुनवाई थी। संभावना जताई जा रही कि इसी मामले को लेकर आज खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *