देश के विकास में अंडमान निकोबार की महत्वपूर्ण भूमिका: प्रधानमंत्री

0

अंडमान निकोबार ने भारत की आजादी के आंदोलन को ताकत दी थी



नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि देश के विकास में अंडमान निकोबार की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिये आंदोलन को धार देने वाले वीर सावरकर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस सरीखे तपस्वियों का इस धरती से जुड़ाव रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को अंडमान निकोबार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन की सेवा हमारा लक्ष्य है। उन्होंने अंडमान निकोबार के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं की अंडमान निकोबार में पहुंच बेहद प्रभावशाली रही है और देश के बाकी हिस्सों के साथ यहां का संपर्क बढ़ाया जा रहा है। इन सेवाओं को और बेहतर करने का काम जारी है। 300 किलोमीटर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी काम शुरू हो गया है। इससे यहां के कई हिस्सों में न केवल पहुंच आसान होगी बल्कि यहां शिक्षा और चिकित्सा आदि का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीमारी हो या व्यापार, हर समस्या से निपटने के लिए हम एकजुट है। हमारे सभी वैज्ञानिक इस काम में लगे हुए हैं। हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम घर-घर तक, हर परिवार तक संवाद बनाए रखें, इस मुश्किल समय में हमें सबके काम आना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महामारी हो या कोई भी अन्य समस्या हमें साथ मिलकर काम करना है और लोगों से जुड़े रहना है। मोदी ने कोरोना महामारी के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किये गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने यहां के विकास में अहम भूमिका निभाई है और हमें इसकी रफ्तार तेज करनी है और सबको सहायता उपलब्ध करानी है। उन्होंने कहा कि अंडमान निकोबार ने भारत की आजादी के आंदोलन को ताकत दी थी। और अब देश के विकास में भी इस द्वीप समूह की विशेष भूमिका है।
मोदी ने पर्यटन की दृष्टि से इस महत्वपूर्ण द्वीपसमूह की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर लोगों को और जागरूक बनाना है और सिंगल यूज प्लास्टिक के अभियान से लोगों को जोड़ना जरूरी है। सफाई सबसे बड़ी ताकत है। इससे पर्यटन का क्षेत्र बढ़ेगा। समुद्र के तट पर स्वच्छता रखना है, यह पर्यावरण और पर्यटन दोनों के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि अंडमान निकोबार जल्द ही स्टार्टअप का केंद्र बनकर उभरेगा।
इससे पूर्व, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कोरोना महामारी के कारण पूर्णबन्दी के दौर कार्यकर्ताओं के द्वारा किये गये राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने इस महामारी के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा उठाये गए कदमों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में हमारे पास 1400 कोविड-19 अस्पताल हैं। करीब 50 हजार वेंटिलेटर उपलब्ध हैं जबकि 20 हजार वेंडिलेटर पीएम केयर्स फंड के तहत आने वाले हैं। नड्डा ने बताया कि ‘सेवा ही संगठन’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं मे 22.18 करोड़ से ज्यादा खाने के पैकेट, पांच करोड़ से ज्यादा मोदी किट, सात करोड़ से ज्यादा फेस कवर का वितरण किया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *