मेदांता अस्पताल में भर्ती सपा संरक्षक मुलायम सिंह की सेहत में सुधार

0

अखिलेश और शिवपाल ने अस्पताल पहुंचकर की मुलाकात



लखनऊ, 09 अगस्त (हि.स.)। राजधानी के मेदांता अस्पताल में भर्ती समाजवादी पार्टी संरक्षक व पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तबियत में सुधार हो रहा है। उनकी स्थिति पहले की अपेक्षा काफी बेहतर है और वह लोगों से बातचीत भी कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार को अपने पिता से मिलने अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उनकी सेहत को लेकर जानकारी की। इसके अलावा मुलायम के छोटे भाई व प्रगतिशील समाजवार्टी पार्टी-लोहिया के प्रमुख शिवपाल यादव सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने भी आज मेदान्ता अस्पताल पहुंच कर उनकी सेहत का हालचाल लिया।
संक्रमण की शिकायत पर मुलायम सिंह यादव को गुरुवार रात अस्पताल लाया गया था। उनका अल्ट्रासाउंड, ब्लड टेस्ट और यूरिन टेस्ट किया गया है। इसके साथ ही उनकी कोरोना जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई। मेदांता के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के मुताबिक सपा नेता की पेशाब में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इलाज के बाद अब उनकी सेहत में काफी सुधार हो रहा है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव को कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें लगातार हो रही हैं। कई महीनों से बीमार चल रहे हैं। उनके पेट में लगातार तकलीफ बनी है। लगभग एक महीने पहले भी उन्हें मेदांता में भर्ती कराया गया था। तब उन्हें आंत में समस्या थी। कोलोनोस्कोपी करके इसे साफ किया गया था। इलाज के बाद उन्हें आराम मिल गया और उन्हें घर भेज दिया गया था। इसके बाद अब एक बार फिर तबियत बिगड़ने पर उन्हें भर्ती कराया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *