उप राष्ट्रपति के परिवार ने कोरोना और अयोध्या मंदिर के लिए दिए 10 लाख रुपये

0

नई दिल्ली, 05 अगस्त (हि.स.)। उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू के परिवार के सदस्यों ने बुधवार को कोविड-19 के खिलाफ चल रही लड़ाई और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण में सहायता के लिए 10 लाख रुपये की राशि दी है।
उप राष्ट्रपति सचिवालय के अनुसार अयोध्या में राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए भूमि-पूजन के शुभ अवसर पर उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, उनकी पत्नी उषा नायडू और उनके निजी स्टाफ ने उप राष्ट्रपति-निवास पर रामायण का पाठ किया। बाद में अयोध्या में भूमि पूजन का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण देखा।
उप राष्ट्रपति वेंकैया ने राम मंदिर के पुनर्निर्माण को सत्य, नैतिकता जैसे मानवीय मूल्यों तथा श्रीराम द्वारा स्थापित मर्यादाओं की पुनर्स्थापना बताया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या के राजा राम के रूप में उन्होंने सदाचरण के सर्वोच्च प्रतिमान स्थापित किए जो सभी के लिए अनुकरणीय थे। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम श्रीराम द्वारा स्थापित मर्यादाएं भारत की मौलिक चेतना का अभिन्न अंग हैं, जो क्षेत्र या जाति की संकीर्ण सीमाओं से ऊपर आज भी सभी के लिए प्रासंगिक हैं।
उप राष्ट्रपति के परिजनों ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करने और अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की पहल करते हुए आर्थिक सहयोग किया। उप राष्ट्रपति की पत्नी ऊषा नायडू ने अपने परिवार और उनके पुत्र हर्ष, बहू राधा मुप्पवरापु, बेटी दीपा वेंकट, दामाद वेंकट इममानी और उनके चार पोते सभी ने इस आर्थिक पहल में योगदान किया है।
श्रीमती नायडू ने कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई के समर्थन में पीएम केयर्स फंड को 5 लाख रुपये का चेक और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के समर्थन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को 5 लाख रुपये का चेक भेजा है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च में उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अपने एक महीने का वेतन पीएम केयर्स फंड में दान किया था और कोविड महामारी से लड़ने के प्रयासों के लिए अपने वेतन का 30 प्रतिशत हर महीने दान करने की भी घोषणा की थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *