यूपीएससी के नतीजों में सुल्तानपुर की बेटी प्रतिभा को मिला तीसरा स्थान

0

सुल्तानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। रामराजी सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज से यूपी बोर्ड में तीसरा स्थान पाने वाली प्रतिभा वर्मा ने देश की सर्वोच्च सिविल सेवा (यूपीएससी) की परीक्षा में भी तीसरा व महिला वर्ग में पहला स्थान लाकर जनपद को गौरवान्वित किया है।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर नगर के बघराजपुर मोहल्ले की रहने वाले सुवंश वर्मा एवं मां उषा वर्मा की पुत्री प्रतिभा वर्मा ने देश की सर्वोच्च सिविल सेवा परीक्षा में तीसरा व महिलाओं में पहला स्थान हासिल किया। ऊषा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका और पिता सुवंश वर्मा विकवाजितपुर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हैं। उसकी इस सफलता पर जनपद वासियों ने हर्ष जताया है। माता ने कहा कि बेटी ने पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा, बेटियां किसी से कम नहीं हैं।
प्रतिभा की प्राथमिक शिक्षा सुल्तानपुर शहर में हुई। हाईस्कूल की पढ़ाई प्रतिभा ने 2008 में नगर के रामराजी सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से की। बोर्ड परीक्षा के परिणाम में जब प्रतिभा को उत्तर प्रदेश की मेरिट में तीसरा स्थान मिला तो लोग अचंभित हो उठे। इंटर की पढ़ाई सीबीएसई से किया। इसके बाद दिल्ली से इंजीनियरिंग व स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। कई अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी प्रतिभा ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की है। आईएएस का परीक्षाफल घोषित हुआ, जिसमें प्रतिभा वर्मा का नाम देश की मेरिट में तीसरे स्थान पर है, जबकि महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर हैं।

 


प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *