अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव अपने समय पर 03 नवंबर को होंगे
वॉशिंगटन, 03 अगस्त (हि.स. । अमेरिका में कोरोना महामारी को देखते हुए राष्ट्रपति पद के लिए होनेवाले चुनाव कार्यक्रम को आगे बढ़ाए जाने संबंधित सभी बातों पर विराम लग गया है। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि चुनाव अपने तय समय 03 नवंबर को ही कराए जाएंगे ।
इस बारे में मीडिया के बीच व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ मार्क मीडोज ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जो कुछ दिन पहले ट्वीट के जरिए चुनाव में देरी होने की बात कही थी, तब भी उनकी चिंता सिर्फ मेल-इन मतपत्र को लेकर थी, लेकिन उसे गलत समझ लिया गया। उन्होंने कहा कि हम आगामी 03 नवंबर को चुनाव कराने जा रहे हैं, जिसमें उम्मीद है कि राष्ट्रपति ट्रंप फिर जीत हासिल करेंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भी यही चाहते हैं। हालांकि कोविड-19 का संकट है, लेकिन इसके चलते कई कार्यों को रोका नहीं जा सकता है। इससे बाहर निकलने का प्रयास लगातार हो रहा है और हमें उम्मीद है कि जल्द हमें इस कोरोना संकट से बाहर निकल आएंगे।
गौरतलब हे कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 29 जुलाई को अपने एक ट्वीट में कहा था कि चूंकि चुनाव में मेल इन सिस्टम से वोटिंग होनी है, इसलिए ये इतिहास के सबसे गलत और फर्जी चुनाव होंगे। अमेरिका के लिए यह बेहद शर्म की बात होगी। जब तक लोग ठीक से, सुरक्षित रूप से मतदान नहीं कर सकते, तब तक चुनाव टाले जायें । इस एक ट्वीट के लोगों ने अपने हिसाब से मतलब निकाल लिए थे। वहीं ट्रम्प ने बाद में एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि वे चुनाव में देरी नहीं चाहते हैं।
