मंत्री जी, कटाव और बाढ़ से बचा लीजिए बेगूसराय को : गिरिराज सिंह

0

बेगूसराय, 28 जुलाई (हि.स.)। बेगूसराय में गंगा एवं बूढ़ी गंडक नदियों के लगातार बढ़ रहे जलस्तर तथा हो रहे कटाव को लेकर बेगूसराय में स्थिति दिनों-दिन विकराल होती जा रही है। हालांकि डीएम के नेतृत्व में अधिकारी मुस्तैदी से पैनी नजर लगा रखी है। सूचना मिलते ही आवश्यक कार्य कराये जा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण भी भय के मारे रतजगा करने को मजबूर हैं। पानी के बढ़ते दबाव और कटाव के कारण उत्पन्न होने वाली स्थितियों को लेकर सांसद एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के जल संसाधन मंत्री तथा आपदा प्रबंधन मंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। गिरिराज सिंह ने जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा तथा आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय को पत्र लिखकर कहा है कि बेगूसराय गंगा तथा बूढ़ी गंडक से दोनों तरफ से घिरा है। बछवाड़ा, तेघड़ा, मटिहानी, शाम्हो, चेरिया वरियारपुर तथा बलिया के लोग गंगा के पानी के दबाव तथा कटाव से भयभीत हैं। इन जगहों पर विशेष निगरानी तथा निरोधात्मक उपाय की आवश्यकता है।उन्होंने पूर्व वर्ष के अनुभवों को साझा करते हुए बाढ़ पूर्व तैयारियों तथा संसाधनों के बारे में भी आगाह करते हुए उसकी तैयारी करने की भी बातें कही हैं। गिरिराज सिंह ने इस मुद्दे पर व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास कर प्रभावित लोगों को तुरंत मानवीय सहायता के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध राज्य के संबंधित मंत्री से किया है। गिरिराज सिंह के निर्देश पर कटाव प्रभावित गांव का दौरा करने के बाद भाजपा नेता अमरेन्द्र कुमार अमर ने बताया कि गंगा नदी की धार बदलने से बलिया प्रखंड में आधे दर्जन से अधिक गांवों की आबादी एवं उपजाऊ भूमि पर कटाव का खतरा उत्पन्न हो गया है। हजारों परिवार पर विस्थापित होने का संकट गहरा गया है। इस दौरान गिरिराज सिंह ने आश्वासन दिया है कि निरोधात्मक कार्य शुरू करने के बाद इस गांव के बारे में संपूर्ण आकलन कर जिला प्रशासन से कटाव प्रभावित किसानों के मुआवजे के लिए भी प्रयास किया जाएगा। इधर, फ्लड कंट्रोल के अभियंता महेश्वर सिंह के नेतृत्व में तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने गंगा के कटाव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और इसके आधार पर एक रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजा है कि यहां बाढ़ एवं कटाव निरोधक कैसे किये जा सकते हैं। इस बीच डीएम अरविन्द कुमार वर्मा के अलावा एडीएम, सभी एसडीओ, जल संसाधन विभाग के अधिकारी आदि ने विभिन्न कटाव स्थलों का जायजा लिया तथा बचाव के आवश्यक कार्य करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा है कि प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है, सभी आवश्यक निरोधक कार्य किए जा रहे हैं। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *