महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार से मंत्री अशोक चव्हाण नाराज

0

मुंबई, 24 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार से नाराज लोकनिर्माण मंत्री को मनाने के लिए राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात प्रयास कर रहे हैं। अशोक चव्हाण के निवास पर शुक्रवार की सुबह करीब आधा घंटा की बैठक के बाद बालासाहेब थोरात ने कहा कि महाविकास आघाड़ी में सब ठीक है। कुछ मुद्दों पर अशोक चव्हाण की नाराजगी है, उसे दूर कर लिया जाएगा।
दरअसल, गुरुवार को आयोजित मंत्री समूह की बैठक में लोकनिर्माण विभाग के बंटवारे का प्रस्ताव लाया गया था। हालांकि उस प्रस्ताव पर बैठक में चर्चा नहीं हो सकी थी लेकिन प्रस्ताव को लेकर विभाग के मंत्री अशोक चव्हाण नाराज हो गए थे। अशोक चव्हाण का कहना था कि यह प्रस्ताव बिना उनसे सलाह मशविरा किए मंत्री समूह की बैठक में लाया गया है। अशोक चव्हाण की इसी नाराजगी को दूर करने के लिए आज महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरात उनसे मिले थे। दोनों नेताओं में इसी मुद्दे पर आधा घंटा चर्चा हुई है। थोरात ने कहा कि अधिकारियों को संबंधित मंत्री को विश्वास में लेना आवश्यक है, वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से बात करेंगे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले खाद्यान्न व आपूर्ति मंत्री छगन भुजबल के विभाग का प्रस्ताव उनसे पूछे बिना मंत्री समूह की बैठक में लाया गया था। इसलिए छगन भुजबल ने भी अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। उसके बाद प्रशासन को इस बाबत सख्त सूचना दी गई थी लेकिन गुरुवार की बैठक में इसी तरह गलती दोहराई गई है। इससे कांग्रेस में उद्धव ठाकरे सरकार के विरुद्ध नाराजगी बढ़ने लगी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *