मुंबई में लोकल शुरू करने के लिए नालासोपारा में यात्रियों का आंदोलन

0

मुंबई, 22 जुलाई (हि.स.)। मुंबई से सटे नालासोपारा स्टेशन पर बुधवार सुबह यात्रियों ने लोकल रेलवे सेवा शुरू करने की मांग को लेकर जोरदार आंदोलन किया। इस आंदोलन की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस व शहर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और यात्रियों को समझाकर आंदोलन खत्म करवा दिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह नियमित काम पर जाने वाले यात्री नालासोपारा स्टेशन पर जमा हो गए। इन यात्रियों ने तत्काल लोकल सेवा शुरू करने की मांग की। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी भी की। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को समझा कर वापस भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पिछले 4 महीने से लॉकडाउन की वजह से लोकल रेलवे सेवा बंद की गई है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रेलवे मंत्री पीयूष गोयल से अत्यावश्यक सेवा में लगे कर्मचारियों के लिए लोकल रेलवे सेवा शुरू करने की मांग की थी। इसलिए इस समय सिर्फ अत्यावश्यक सेवा के लिए लोकल चलाई जा रही है। इन लोकल ट्रेन में आम नागरिकों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि जून महीने से मुख्यमंत्री ने लॉकडाउन में ढील दिया है, इससे बड़े पैमाने पर कार्यालय शुरू हो गए हैं । इन लोगों को एसटी महामंडल की बसों से कार्यालय तक पहुंचने में भारी दिक्कत हो रही है। इसी वजह से लोकल सेवा शुरू किया जाना आवश्यक है।
पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार लोकल ट्रेन सिर्फ अत्यावश्यक सेवा के लिए ही चलाई जा रही है। सभी यात्रियों को संयम से काम लेना आवश्यक है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *