छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 15 संसदीय सचिवों को दिलायी शपथ

0

मंत्रियों से संबद्ध हुए नव-नियुक्त संसदीय सचिव



रायपुर, 14 जुलाई (ह‍ि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार शाम अपने रायपुर निवास परिसर में 15 विधायकों को संसदीय सचिव के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। नव-नियुक्त संसदीय सचिवों में चिंतामणी महाराज ने संस्कृत में शपथ ली, जबकि पारसनाथ राजवाड़े, श्रीमती अंबिका सिंहदेव, चन्द्रदेव प्रसाद राय, द्वारिकाधीश यादव, गुरूदयाल सिंह बंजारे, इंद्रशाह मण्डावी, कुंवरसिंह निषाद, डॉ. श्रीमती रश्मि आशीष सिंह, रेखचंद जैन, शकुन्तला साहू, शिशुपाल सोरी, यू.डी. मिंज, विकास उपाध्याय और विनोद सेवन लाल चंद्राकर ने बारी-बारी से हिन्दी में शपथ ली।
शपथग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त संसदीय सचिवों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी संसदीय सचिवों को अनुभवी मंत्रियों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने नवनियुक्त संसदीय सचिवों से अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से पूरा करने का आग्रह किया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री के अनुमोदन से सभी नव-नियुक्त संसदीय सचिवों को मंत्रियों से सम्बद्ध करने का आदेश भी जारी कर दिया गया। जिसके तहत संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव को स्कूल शिक्षा और आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम से, विनोद सेवन चंद्राकर और गुरूदयाल सिंह बंजारे को स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टी.एस. सिंहदेव से सम्बद्ध किया गया है। चन्द्रदेव प्रसाद राय और शिशुपाल सोरी को वन एवं परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर से, शकुन्तला साहू को कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे के साथ, विकास उपाध्याय और  चिंतामणि महाराज को गृह और लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू से, अंबिका सिंहदेव को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार से, यू.डी. मिंज को वाणिज्यिक कर (आबकारी) और उद्योग मंत्री कवासी लखमा से सम्बद्ध किया गया है।
संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े को उच्च शिक्षा और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल से, इंद्रशाह मण्डावी को राजस्व एवं वाणिज्यिक कर (पंजीयन एवं मुद्रांक) मंत्री जयसिंह अग्रवाल से, कुंवरसिंह निषाद को खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत से, डॉ. श्रीमती रश्मि आशीष सिंह को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया से तथा रेखचंद जैन को नगरीय प्रशासन एवं श्रम मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया से सम्बद्ध किया गया है।

शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल ने किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, सांसद पी. एल. पुनिया, सांसद ज्योत्सना महंत सहित प्रदेश सरकार के सभी मंत्रीगण, विधायकगण, अनेक जनप्रतिनिधि सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *