प. बंगाल : भाजपा विधायक की हत्या के बाद फंदे से लटकाने का आरोप

0

कोलकाता, 13 जुलाई‌ (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे 2021 का विधानसभा चुनाव करीब आते जा रहा है, राजनीतिक हत्याएं बढ़ने लगी हैं। अब भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक को मारकर टांग देने का आरोप है। उनका नाम देवेंद्र नाथ रॉय हैं। वह उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद विधानसभा केंद्र से विधायक थे। सोमवार सुबह उनके गांव तार में स्थानीय लोगों ने उन्हें घर के पास फंदे से लटका हुआ देखा। वह लूंगी और शर्ट पहने हुए थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
भाजपा का दावा है कि उनके शरीर पर जख्मों के कई निशान हैं। उनकी हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे से टांग दिया गया है। इसका आरोप स्थानीय तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगाया जा रहा है।
भाजपा के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में इसे लेकर एक बयान जारी किया गया है जिसमें कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस ने ही विधायक की हत्या की है। देवेंद्र नाथ रॉय 2016 में माकपा के टिकट पर विधायक बने थे। उन्होंने अपने निकटवर्ती तृणमूल प्रत्याशी सविता छेत्री को 13000 से अधिक वोटों से हराया था। 2019 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्हें हेमताबाद से टिकट मिलना तय था। तृणमूल को पता था कि उनसे जीत नहीं सकेंगे इसलिए उन्हें मार कर टांग दिया गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। राजनीतिक रंजिश में हत्या हुई है या उन्होंने खुदकुशी की है, इस बारे में पुलिस ने अभी तक कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले में कोई सफाई नहीं दी गई है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *