लोजपा भी कोरोनाकाल में चुनाव के पक्ष में नहीं

0

चिराग पासवान ने कहा, चुनाव के लिए बड़ी आबादी को खतरे में न डाले चुनाव आयोगतेजस्वी यादव पहले ही कह चुके हैं चुनाव टालने की बात



पटना, 10 जुलाई (हि.स.) । कोरोना के संक्रमण की भयावहता को देखते हुए बिहार में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी कोरोना काल में विधानसभा चुनाव न कराने का सुझाव दिया है। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के जमुई से सांसद चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव आयोग को भी इस विषय पर सोचकर निर्णय लेना चाहिए। कहीं ऐसा न हो कि चुनाव के कारण एक बड़ी आबादी को खतरे में झोंक दिया जाए। इस महामारी के बीच चुनाव होने पर मतदान प्रतिशत भी काफी नीचे रह सकता है, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।

वैसे तो लोजपा राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों पर कमर कसकर पिछले कई महीने से चुनाव लडने की तैयारी में है। पार्टी अभी नौ विधानसभा सीटों पर कार्यकर्ताओं के साथ जिम्मेदारी संभालने वाले वैसे चिन्हित नेता के साथ संपर्क बनाकर फीडबैक को अंतिम रूप देने में लगी है। इन सबके बावजूद लोजपा चुनाव नहीं चाहती है।

महागठबंधन के बड़े घटक राजद ने परंपरागत चुनाव प्रचार के बगैर विधानसभा चुनाव में नहीं जाने की बात कही थी। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इस मुद्दे को लेकर पार्टी के नेताओं की गुरुवार को यहां बैठक बुलाई थी, जिसमें इस पर मुहर लग गई है। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर राजग के घटक जदयू और भाजपा की पूरी तैयारी है। दोनों ही दलों के नेता ऑनलाइन रैली के माध्यम से अपने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं से संपर्क साध रहे हैं। जदयू और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व भी चुनाव को लेकर संगठन के नेताओं से फीडबैक ले रहे हैं। चुनावी कार्य के लिए इन दलों ने अपनी एक टीम भी बनाई है, जिसमें बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता शामिल हैं। बता दें कि पटना हाईकोर्ट में भी गुरुवार को एक याचिका दायर की गई है, जिसमें इस साल के अंत में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को अगले साल फरवरी तक टालने का आग्रह किया गया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *