शब्बीर अहमद शाह को तिहाड़ जेल में नहीं मिलेगी अलग सेल

0

जेल प्रशासन ने कोर्ट को बताया, पहले से ही उच्च सुरक्षा वाले सेल में मिल रही है पर्याप्त चिकित्सा सुविधा



नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। तिहाड़ जेल ने कहा है कि टेरर फंडिंग के मामले में जेल में बंद शब्बीर अहमद शाह को उच्च सुरक्षा वाले सेल में रखा गया है और उसे पर्याप्त चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। इस बात की जानकारी आज तिहाड़ जेल प्रशासन ने पटियाला हाउस कोर्ट को दी। तिहाड़ जेल की इस दलील के बाद स्पेशल जज धर्मेंद्र राणा ने शब्बीर शाह की अलग सेल देने की मांग वाली याचिका का निस्तारण कर दी।
जेल प्रशासन ने हलफनामा के जरिये दायर अपने जवाब में शब्बीर शाह की मेडिकल रिपोर्ट भी पेश की, जिसमें कहा गया था कि शब्बीर शाह की स्थिति स्थिर है। उसे सभी दवाईयां जेल के अस्पताल से दी जा रही हैं। पिछली 29 जून को कोर्ट ने शब्बीर शाह की याचिका पर सुनवाई करते हुए तिहाड़ जेल को नोटिस जारी किया था। शब्बीर शाह ने अपनी याचिका में कहा था कि वर्तमान में तिहाड़ जेल में कोरोना के बढ़ते हुए संक्रमण से उनके जीवन को खतरा है।
शब्बीर शाह ने अपने वकील एमएस खान के जरिये याचिका दायर की थी। शब्बीर शाह फिलहाल तिहाड़ जेल में दो मामलों में बंद है। एक मामला टेरर फंडिंग का है और दूसरा मनी लाउंड्रिंग का है। शब्बीर शाह के खिलाफ 2005 के मनी लाउंड्रिंग के केस में 2007 में केस दर्ज किया गया था। शब्बीर शाह को 25 जुलाई, 2017 को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
आगे की जांच के बाद एनआईए ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने जून 2019 में शब्बीर शाह को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया था उनमें यासिन मलिक, आसिया अंद्राबी, मशरत आलम, इंजीनियर राशिद और शब्बीर अहमद शाह शामिल हैं। इन पर लोगों को प्रदर्शन करने के लिए उकसाने, पत्थरबाजी और आतंकी हमलों के लिए टेरर फंडिंग में एक-दूसरे की मदद करने और प्रशासन के खिलाफ लोगों को भड़काने का आऱोप है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *