भाजपा कोर कमेटी की बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष पर हुई चर्चा

0

मंत्रिमंडल में फेरबदल की भी अटकलें 



गांधीनगर/अहमदाबाद, 29 जून (हि.स.)। गुजरात प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सोमवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में विधानसभा उपचुनाव व निकाय चुनाव की रणनीति पर विचार किया गया। बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए कई नामों पर चर्चा हुई। बैठक में संगठन और मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा होने के संकेत मिले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघानी की अध्यक्षता में गांधीनगर के कमलम में आज भाजपाा की कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री विजय रूपानी और उप -मुख्यमंत्री नितिन पटेल के अलावा राष्ट्रीय संगठन महासचिव वी सतीश और केंद्रीय मंत्री परसोतम रूपाला भी उपस्थित रहे। बैठक में आने वाले दिनों में राज्य में आठ विधानसभा सीटों के उपचुनावों के साथ-साथ स्थानीय निकाय चुनाव पर चर्चा कर रणनीति बनाई गई। भाजपा ने राज्य के आठ मंत्रियों को गुजरात की खाली विधानसभा सीटों के उपचुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में गुजरात प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के लिए भी चर्चा हुई है। भाजपा के नेताओं की मानें तो भाजपा अध्यक्ष पद के लिए गोरधन जडफिया, प्रफुल्ल पटेल और शंकर चौधरी के नाम चल रहे हैं।
बैठक में बताया गया  कि भाजपा सरकार और संगठन में सौराष्ट्र पिछले कुछ वर्षों से प्रभावी है। अब इस बार उत्तर और मध्य गुजरात के नेताओं को मौका देनी चाहिए। फिलहाल संगठन में काम करने वाले और केशुभाई की सरकार में गृह मंत्री रह चुके गोरधन झड़फिया पहली पसंद हैं। साथ ही उत्तर गुजरात से प्रफुल्ल पटेल और शंकर चौधरी के नाम की भी चर्चा हुई है।
बैठक में नए अध्यक्ष, पूरे संगठन सहित राज्य के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल करने पर चर्चा हुई है। सूत्रों के मुताबिक अगले एक दो सप्ताह में भाजपा संगठन और सरकार में कुछ बदलाव होने की उम्मीद है। इस सप्ताह संगठन में नई नियुक्तियां की जाएंगी। जिला-तालुका स्तर का संगठन भी बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जीतू वाघानी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। देश में कोरोना महामारी के चलते भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया को रोक दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *