बिहार के सचिवालय कर्मी काली पट्टी बांधकर जता रहे हैं विरोध

0

पटना, 29 जून (हि.स.)। बिहार सरकार की नीति से परेशान सचिवालय कर्मियों ने सोमवार से 3 जुलाई तक काला सप्ताह मनाने का निर्णय लिया है। सचिवालय कर्मी काली पट्टी बांध कर ड्यूटी कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार गैर जिम्मेदाराना रवैया अपना रही है। इसलिए कर्मचारियों में गंभीर आक्रोश है। अब सचिवालय सेवा संघ भी विरोध में उतर गया है।
बिहार सचिवालय सेवा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार और महासचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि बिहार सचिवालय सेवा संघ आंदोलन को सफल बनाने के लिए सचिवालय सेवा और बिहार लिपिक सेवा के सभी सदस्य काली पट्टी बांध कर काम कर रहे हैं। संघ के महासचिव ने कहा कि सरकार से वार्ता के 4 महीने बाद भी उस पर अमल नहीं किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि संघ और सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव के बीच 26 फरवरी 2020 को वार्ता हुई थी। वार्ता में सचिवालय सहायकों का पद नाम परिवर्तित किए जाने से संबंधित आदेश 10 दिनों में निर्गत किए जाने तथा प्रोन्नति के संबंध में कार्यकारी व्यवस्था के तहत उच्चतर पद का प्रभार देने के मामले में अप्रैल तक निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया गया था। इसके बाद संघ ने 3 दिनों का अपना आंदोलन वापस ले लिया था। लेकिन 4 महीने बीत जाने के बाद भी उस समझौते का अनुपालन नहीं हुआ।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *