वायुसेना के चीता हेलीकॉप्टर को पूर्वी पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर करनी पड़ी आपात लैंडिंग

0

हेलीकॉप्टर को ठीक करने के बाद सुरक्षित वापस हिंडन एयरबेस पर ले जाया गया



चंडीगढ़/सोनीपत, 26 जून (हि.स.)। भारतीय वायुसेना के चीता हेलीकॉप्टर को शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सोनीपत जिले से गुजर रहे कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेस-वे पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। यह चीता हेलीकॉप्टर हिंडन एयरबेस से हलवाड़ा के लिए एक नियमित वायु सेना कार्य के लिए आगे बढ़ रहा था। तभी पायलट को हेलीकाप्टर में तकनीकी खराबी महसूस हुई और उसने पूर्वी पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर एहतियाती लैंडिंग की। किसी भी संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। रिकवरी हेलीकॉप्टर हिंडन से तुरंत लॉन्च किया गया। हेलीकॉप्टर को ठीक करने के बाद सुरक्षित वापस हिंडन एयरबेस पर ले जाया गया।
शुक्रवार को एक्सप्रेस-वे पर सरपट दौड़ रहे वाहनों की स्पीड पर अचानक भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग के कारण ब्रेक लग गया। यमुना ब्रिज के पास हेलीकॉप्टर की लैंडिंग से पहले भारतीय वायुसेना का जवान नीचे आ गया था। उसने हेलीकॉप्टर की लैंडिंग करवाई। हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग की सूचना मिलते ही सोनीपत प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हेलीकॉप्टर के चारों ओर सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया। हिंडन एयरबेस से अधिकारी व मैकेनिक मौके पर पहुंचे और हेलिकॉप्टर को ठीक किया। करीब एक घंटे बाद तकनीकी खराबी दुरूस्त हुई। इसके बाद वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी।
सुरक्षा घेरा इतना मजबूत था कि वायुसेना के कर्मियों को छोड़कर किसी अन्य को हेलीकॉप्टर तक जाने की इजाजत नहीं दी गई। एक्सप्रेस-वे पर हेलीकॉप्टर को इस तरह लैंडिंग करता देख आसपास के लोग जुट गए। कुछ लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया।  जब तक वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने उड़ान नहीं भरी, तब तक पुलिस का कड़ा पहरा रहा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *