प्रधानमंत्री राहत कोष का पैसा निजी संगठन में हस्तांतरित करना देश के साथ धोखा : नड्डा

0

नई दिल्ली, 26 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब भारत के लोगों ने अपने जरूरतमंद साथी नागरिकों की मदद के लिए पीएमएनआरएफ में दान किया तो इसके पैसे को एक परिवार के संगठन में हस्तांतरण किया गया। यह देशवासियों के साथ धोखा नहीं तो और क्या है? और आज कांग्रेस पीएम केयर्स फंड के ऑडिट को लेकर मोदी सरकार की मंशा पर सवाल उठा रही है।

जेपी नड्डा ने कहा कि पीएमएनआरएफ संकट में लोगों की मदद करने के लिए बनाया गया था लेकिन यूपीए कार्यकाल में राजीव गांधी फाउंडेशन (आरजीएफ) को पैसे दान किए जा रहे थे। पीएमएनआरएफ के बोर्ड में कौन बैठा था? सोनिया गांधी। आरजीएफ का अध्यक्ष कौन है? सोनिया गांधी। पूरी तरह से निंदनीय, नैतिकता की उपेक्षा, प्रक्रियाओं और पारदर्शिता को लेकर किसी को फिक्र नहीं थी।’

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भारत के लोगों ने अपने साथी नागरिकों को जरूरतमंदों के समय मदद करने के लिए अपनी मेहनत की कमाई को पीएमएनआरएफ में दान किया था। इस सार्वजनिक धन को परिवार चलाने द्वारा संचालित एक फाउंडेशन में हस्तांतरित करना न केवल एक संगीन धोखाधड़ी है बल्कि भारत के लोगों के लिए एक बड़ा धोखा भी है।

इससे पहले गुरुवार को आपातकाल की 45वीं बरसी पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर स्वार्थ की राजनीति के लिए देश पर आपातकाल थोपने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए कांग्रेस द्वारा देश को आपातकाल की विभिषिका में घेरना, एक शर्मनाक घटना थी। निजी स्वार्थ के लिए एक राजनीतिक पार्टी ने देश को जेल में तब्दील कर दिया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *