टीबी उन्मूलन में गुजरात पहले, आंध्र दूसरे और हिमाचल तीसरे स्थान पर

0

50 लाख से कम आबादी वाले राज्यों में त्रिपुरा और नगालैंड ने किया अच्छा प्रदर्शन केन्द्र शासित प्रदेश में दादरा नगर हवेली को मिला पहला स्थान 



नई दिल्ली, 24 जून (हि.स.)। केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय ने इंडिया टीबी 2020  पर रिपोर्ट जारी की। इस मौके पर टीबी (क्षय रोग) उन्मूलन कार्यक्रम के क्रियान्वयन में अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों के नामों की घोषणा की। टीबी उन्मूलन में सराहनीय प्रयास करने वाले 50 लाख से ऊपर आबादी वाले राज्यों में पहले स्थान पर गुजरात, दूसरे स्थान पर आंध्रप्रदेश और तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश रहा है। वहीं 50 लाख से कम आबादी वाले राज्यों में त्रिपुरा और नागालैंड है। केन्द्र शासित प्रदेशों में दादरा नगर हवेली को प्रथम स्थान दिया गया है। इन सभी राज्यों को प्रशस्ति पत्र भेज दिया गया है।
बुधवार को निर्माण भवन में आयोजित कार्यक्रम में भारत टीबी 2020 की रिपोर्ट जारी की गई। साल 2019 में टीबी के 24.04 लाख मरीज चिन्हित किए गए। यह आंकड़ा साल 2018 के मुकाबले 14 प्रतिशत अधिक है। इस मौके पर केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कोरोना काल में भी टीबी के खिलाफ जंग को कमजोर नहीं होने दिया गया है। आगे भी यह जंग जारी रहेगी और साल 2025 तक देश टीबी मुक्त हो जाएगा। उन्होंने कहा कि देश में पहले 10 लाख से ज्यादा टीबी मरीजों की पहचान नहीं हो पाती थी, लेकिन अब यह संख्या घट कर 2.9 लाख रह गयी है। अच्छी बात है कि राज्यों में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम को लेकर गंभीरता से काम किया जा रहा है जिससे देश अपने लक्ष्य को तय समय से पहले ही हासिल कर लेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *