सिक्किम के भारत-चीन सीमा क्षेत्र में आईआरबी के जवान तैनात

0

गंगटोक, 23 जून (हि.स.)। लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हिंसक झड़पों के बाद देश के भारत-चीन सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सिक्किम में भी भारतीय सेना के साथ ही सिक्किम पुलिस ने भी उत्तरी सिक्किम और पूर्वी सिक्किम में भारत-चीन सीमा से सटे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। हालांकि, सिक्किम में भारत-चीन सीमा पर स्थिति अभी भी सामान्य है लेकिन, एहतियात के तौर पर सिक्किम पुलिस ने भारतीय रिजर्व बटालियन (आईबारबी) के जवानों को तैनात किया है।
सिक्किम पुलिस के डीआईजी (रेंज) प्रवीण गुरुंग ने बताया कि आईआरबी के जवान उत्तरी सिक्किम के लाचेन, लाचुंग, थांगू और पूर्वी सिक्किम के शेरेथांग और कुपूप में तैनात किए गए हैं। आईआरबी जवानों को विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का समर्थन करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए तैनात किया गया है। दूसरी ओर, सीमा पर स्थिति गंभीर होने पर भारतीय सेना का समर्थन करने के लिए आईआरबी के जवानों को भी तैनात किया गया है। एक सवाल के जवाब में डीआईजी गुरुंग ने कहा कि वर्तमान में सिक्किम में भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में शांति है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2017 में सिक्किम में भारत-चीन सीमा क्षेत्र डोकलाम में दो देशों के सैनिकों के बीच लंबे समय तक गतिरोध चला था। इस साल मई महीने में भी सिक्किम के नकुला घाटी में भारत-चीन सैनिकों के बीच हाथापाई की घटना सामने आई थी। डीआईजी गुरुंग ने कहा कि भारत-चीन सीमा क्षेत्रों में चीनी गतिविधि बढ़ रही है। इसके मद्देनजर सिक्किम पुलिस ने सीमा क्षेत्रों में आईआरबी जवानों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *