कोरोना वायरस से संक्रमित हुए पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी

0

नई दिल्ली, 13 जून (हि. स.)। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी कोरोनावायरस से संक्रमित पाए गए हैं, अफरीदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस बात की जानकारी दी है।
अफरीदी कोरोनावायरस के चलते लगाए गए लॉक डाउन के बीच अपने फाउंडेशन के साथ मिल कर लोगों की मदद कर रहे थे और अब वे खुद इस महामारी से संक्रमित पाए गए हैं।
अफरीदी ने बताया, “मैं गुरुवार से अस्वस्थ महसूस कर रहा हूं, मेरा शरीर बहुत ज़ोर से दर्द कर रहा था। मेरा परीक्षण हो चुका है और दुर्भाग्य से मैं पॉजिटिव पाया गया हूं। मेरे जल्दी स्वस्थ होने के लिए दुआ करें। इंशाल्लाह।”
कोरोनावायरस से पहले भी कुछ फर्स्ट क्लास क्रिकेटर संक्रमित हो चुके हैं, मगर क्रिकेट में संक्रमित होने वालों में यह अबतक का सबसे बड़ा नाम है। अफरीदी पिछले कुछ समय से चर्चाओं में बने हुए थे, क्योंकि उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कश्मीर के बारे में विवादित टिप्पणी की थी।
अफरीदी के बयानों के बाद भारत में उनकी खूब आलोचना की गई थी। युवराज सिंह, हरभजन सिंह, सुरेश रैना और वीरेंद्र सहवाग ने भी अफरीदी के बयानों की कड़े शब्दों में निंदा की थी। अफरीदी के संक्रमित होने के बाद उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनकी सलामती की दुआ मांगते नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *