दिल्ली हिंसा: अकबरी बेगम की हत्या मामले में चार्जशीट दाखिल

0

पुलिस ने छह लोगों को आरोपी बनाया, सभी फिलहाल जेल में बंद



नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली पुलिस ने दिल्ली हिंसा के दौरान भजनपुरा की 85 वर्षीय अकबरी बेगम की हत्या के मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट में रविवार को चार्जशीट दाखिल की है। पुलिस ने छह लोगों को आरोपी बनाया है।
चार्जशीट में अरुण कुमार, वरुण कुमार, विशाल सिंह ऊर्फ पवन, रवि कुमार ऊर्फ अमित, प्रकाश चंद ऊर्फ नीतू और सूरज सिंह ऊर्फ तेली को आरोपी बनाया गया है। सभी को भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 302, 307, 396, 436, 455, 201, 188 और 34 के तहत आरोपी बनाया गया है। ये सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। सभी आरोपियों ने जमानत याचिका दायर की थी जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है।
दिल्ली हिंसा के दौरान अकबरी बेगम की हत्या 25 फरवरी को की गई थी। चार्जशीट में कहा गया है कि दंगाइयों की भीड़ ने अकबरी बेगम के गामरी रोड स्थित चार मंजिले घर में आग लगा दी। अकबरी बेगम के परिवार वाले मकान की छत पर चले गए लेकिन वो नहीं जा सकीं। अकबरी बेगम की मौत दम घुटने से मकान की दूसरी मंजिल पर हो गई। अग्निशमन दल ने जब आग बुझाई तब अकबरी बेगम का शव बिस्तर से निकाला गया।
पुलिस ने अकबरी बेगम के बेटे की शिकायत पर केस दर्ज किया था। चार मंजिले मकान की पहली मंजिल पर कपड़े का वर्कशॉप था। अकबरी बेगम का परिवार मकान के दूसरे और तीसरे मंजिल पर रहता था। केस दर्ज होने के बाद ये केस एसआईटी को ट्रांसफर कर दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। वीडियो बनाने वाले लोगों के मोबाइल का पता लगाकर उनकी जांच की गई। एसआईटी ने उन पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जिन्होंने अकबरी बेगम के परिवार वालों को बचाया। दूसरे गवाहों के भी बयान दर्ज किए गए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *