दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हुई बारिश, तापमान में भी आई कमी

0

मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में भारी बारिश को लेकर जारी किया अलर्ट



नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रविवार सुबह बारिश हुई। इस दौरान चली तेज हवाएं से गर्मी से थोड़ी राहत जरूर है। मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी न बढ़ने का अनुमान पहले ही व्यक्त किया है और बारिश की संभावना भी जताई है। वहीं मौसम विभाग ने हरियाणा, उप्र, उत्तराखंड एवं बिहार आदि राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट भी जारी किया है।

भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिम भारत के लोगों को 10 जून तक भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी और आसपास के मैदानी भागों में गरज के साथ बारिश जारी रहेगी। इसके अलावा दक्षिण पश्चिमी हवा और पश्चिमी विक्षोभ के मिला-जुला असर से तेज हवा के साथ हल्की बारिश होगी। इस साल उत्तर भारत में सामान्य से अधिक बारिश तथा मध्य भारत व दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य वर्षा की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा के हिसार, कोसली, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, झज्जर, नारनौल, रेवाड़ी, रोहतक, गुरुग्राम, सोनीपत में 20-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चल सकती है और बारिश भी हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। जबकि उत्तराखंड के रुड़की, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की संभावना है। आईएमडी ने इन राज्यों में भारी बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट भी जारी किया है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *