4286 श्रमिक विशेष ट्रेनों से 58 लाख से अधिक प्रवासी पहुंचे गृह राज्य

0

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। कोरोना और देशव्यापी लॉकडाउन के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे 58 लाख से अधिक प्रवासियों को भारतीय रेलवे ने 4286 श्रमिक विशेष ट्रेनों से उनके गृह राज्यों तक पहुंचा दिया है।
रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष (सीआरबी) विनोद कुमार यादव ने शनिवार को बताया कि श्रमिक स्पेशल रेलगाड़ियों का परिचालन अभी भी जारी है और वह लगातार प्रवासियों को लेकर उनके गृह राज्य तक जा रही हैं। हालांकि पहले के मुकाबले अब इन रेलगाड़ियों की मांग बहुत घट गई है। उन्होंने बताया कि लॉकडाउन के दौरान फंसे लगभग 58 लाख प्रवासियों को उनके नियत स्थानों पर ले जाने के लिए अब तक 4,286 श्रमिक विशेष ट्रेनें संचालित की गई हैं। इन ट्रेनों की मांग 250 से घटकर लगभग 137 प्रतिदिन हो गई है। हमने पिछले 2 दिनों में 56 ट्रेनों का संचालन किया है।
यादव ने बताया कि 3 जून को राज्य सरकारों के मुख्य सचिवों से अनुरोध किया गया था कि वह अपनी आवश्यकता बता दें। उसी रोज राज्यों की ओर से 171 ट्रेनों की मांग की गई। इसमें सबसे ज्यादा केरल के लिए 66 ट्रेनें और तमिलनाडु के लिए 26, जबकि कुछ अन्य राज्यों ने भी 5 से 10 ट्रेनों की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि देशभर में विभिन्न स्थानों पर लॉकडाउन के कारण फंसे प्रवासी कामगारों, तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों को उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने के लिए रेलवे 1 मई से श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इन ट्रेनों में यात्रियों को टिकट व भोजन आदि के लिए भुगतान नहीं करना होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *