बिहार से पुनः पंजाब लौंटने लगे प्रवासी मजदूर, मंत्री ने किया पुष्प माला से स्वागत

0

बिहार, उत्तर प्रदेश से प्रवासी मजदूर की वापसी का प्रबंध भी करने लगी पंजाब सरकार



होशियारपुर/चंडीगढ़, 06 जून (हि.स.)। कोरोना महामारी के शुरुआती दिनों में बिहार के निवासी तमाम मजदूर गांव-घर चले गए थे, वे एक बार फिर काम की तलाश में पंजाब लौटने लगे हैं। शनिवार को बिहार के किशानगंज से वापस आए ऐसे ही 32 मजदूर भाई-बहनों का होशियारपुर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा ने पुष्प-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने इस मौके पर कहा कि जब ये मजदूर पैतृक गांव जाना चाहते थे  तो पंजाब सरकार ने उनके जाने का प्रबंध किया। पैसा- भोजन आदि की पूरी व्यवस्था की थी। अब जबकि कोरोना का प्रकोप कम हो रहा है तो मजदूर पुन: काम की तलाश में पंजाब लौटने लगे हैं। हम इन सभी का स्वागत करते हैं। और भी हमारे मजदूर भाई जो आना चाहते हैं, उनका भी स्वागत किया जाएगा और यहां लाने का प्रबंध व काम की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उन्हें दुख हुआ कि जब हमारे मजदूर भाई पंजाब से पैतृक राज्यों में गए तो वहां की सरकारों ने इनकी सुध नहीं ली और काम न होने की वजह से इन्हें पुन: पंजाब का रुख करना पड़ा है। पंजाब सरकार इनके कल्याण के लिए बचनबद्ध है और इन्हें यहां किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

अरोड़ा ने बताया कि बिहार से आए 32 मजदूरों का सरकारी हिदायतों के अनुसार मेडिकल करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा इन्हें इस बात के लिए जागरूक किया गया है कि काम करते समय सोशल दूरी का पालन करना है और मास्क पहनना जरूरी है।उन्होंने मजदूर भाईयों को आश्वस्त किया कि अगर उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी हो तो वे बेझिझक उनके ध्यान में लाएं।

उन्होंने कहा कि लेबर के बिना बहुत सारे काम प्रभावित हुए हैं और इंडस्ट्री जोकि लेबर के सिर पर ही टिकी है तथा हमारे मजदूर भाईयों को कोई परेशानी न हो इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों और इंडस्ट्री मालिकों को विशेष हिदायतें जारी की गई हैं।

पंजाब सरकार जहां अपने प्रदेश वासियों के उत्थान के लिए प्रयासरत है, वहीं अन्य राज्यों से आने वाले मजदूरों की भलाई को भी प्राथमिकता दे रही है। और भी मजदूर भाई यहां लौटना चाहते हैं। उन्हें यहां लाने का प्रबंध किया जाएगा तथा उनको लाने का खर्च एवं यातायात सुविधा भी सरकार द्वारा दी जाएगी। इस मौके पर नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा, एसएमओ डा. जससविंदर सिंह, एसएमओ डा. नम्रता घई, डा. शाम सुन्दर शर्मा, जतिंदर सिंह गोल्डी, एडवोकेट संदीप कुमार, डा. सैलेश कुमार, सावित्री प्लाईवुड ग्रुप ऑफ इंडस्ट्री से मुकेश गोयल के अलावा अन्य गणमान्य मौजूद थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *