विष्णुदेव साय ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभालते ही कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
रायपुर, 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने शनिवार को भाजपा अध्यक्ष पद की कमान संभालते ही कांग्रेस सरकार पर धावा बोला। शनिवार को रायपुर भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में उन्हें सभी वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में अध्यक्ष पद का कार्यभार सौंपा गया। इस मौके पर निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष विक्रम उसेंडी ने उन्हें कमान सौंपा।
इस अवसर पर साय ने कहा कि अध्यक्ष पद का दायित्व एक बड़ी चुनौती है। इसके पहले जब मैं अध्यक्ष बना था, तब भाजपा की सरकार थी। लेकिन आज हम विपक्ष में हैं। लेकिन आज से हम 2023 चुनाव की तैयारी शुरू करेंगे और चुनौती को स्वीकारते हुए आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह, पूर्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक और राज्य सभा सांसद सरोज पांडे उपस्थित रहे। साय ने पार्टी के संगठन और कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की बात कही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा के नए छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय इससे पहले भी दो बार अध्यक्ष रहे हैं। वे पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री का दायित्व संभाल चुके हैं।
