अब ब्राजील ने डब्ल्यूएचओ छोड़ने की धमकी दी
नई दिल्ली, 6 जून (हि.स.)। ब्राजील के राष्ट्रपति जैयर बोल्सोनारो ने शुक्रवार को “वैचारिक पूर्वाग्रह” के कारण डब्ल्यूएचओ से हटाने की धमकी दी है । महामारी, इसकी उत्पत्ति और इलाज के सबसे अच्छे तरीके पर चारों ओर फैली राजनीतिक आग में ईंधन डालते हुए बोल्सोनारो ने कोरोना वायरस (कोविड-19) के लिए हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन (एचसीक्यू) दवा के नैदानिक परीक्षणों को निलंबित करने पर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ ) की आलोचना की है । बोल्सोनारो ने साथ ही धमकी दी है कि वह डब्ल्यूएचओ छोड़ सकते हैं।
दक्षिणपंथी नेता बोल्सोनारो ने कहा कि मैं आपको अभी बता रहा हूं, अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ छोड़ दिया है, और हम भविष्य में इसका अध्ययन कर रहे हैं। या तो डब्ल्यूएचओ वैचारिक पक्षपात के बिना काम करे या हम भी इसे छोड़ देंगे।
“ट्रॉपिकल ट्रम्प” कहे जाने वाले बोल्सोनारो ने महामारी से निपटने में अमेरिकी राष्ट्रपति के समान योजना का पालन किया है। महामारी की गंभीरता को कम करते हुए बोल्सोनारो ने राज्य के अधिकारियों के स्टे होम के उपाय लागू करने पर हमला बोला और कोविड-19 के खिलाफ मलेरिया की दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन के प्रभावों को बढ़ाकर पेश किया।
उल्लेखनीय है कि डब्लूएचओ ने हाल ही में एचसीक्यू के परीक्षणों को निलंबित कर दिया था। डब्लूएचओ ने इसमें तर्क दिया था कि कोरोनोवायरस के खिलाफ लड़ाई में इस दवा के प्रयोग गंभीर हो सकते हैं। जबकि ट्रम्प इस दवा के एक प्रशंसक हैं, जिन्होंने खुद एक निवारक उपाय के रूप में दवा लेने की घोषणा की ।
द लांसेट और न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में अध्ययन के अधिकांश लेखक गुरुवार को अपने काम से पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि वे अब अपने डेटा के लिए गारंटी नहीं दे सकते क्योंकि आपूर्ति करने वाली फर्म ने ऑडिट से इनकार कर दिया है। वैज्ञानिक और राजनीतिक बहस में और योगदान करते हुए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के एक नए अध्ययन ने शुक्रवार को कहा कि हाइड्रॉक्सीक्लोरोक्वीन ने कोविड-19 के इलाज में “कोई लाभकारी प्रभाव” नहीं दिखाया है ।
एक अन्य संभावित भ्रामक उलटफेर में डब्ल्यूएचओ ने फेस मास्क पर अपनी सलाह को बदलते हुए कहा कि “साक्ष्य के प्रकाश में” मास्क को उन जगहों पर पहना जाना चाहिए जहां वायरस व्यापक रूप से फैला है और शारीरिक दूरी रखना मुश्किल है।
