विष्णु देव साय का रायगढ़ कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत, पदभार ग्रहण करने रायपुर रवाना
रायगढ़, 6 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय शनिवार को रायपुर प्रदेश कार्यालय में पदभार ग्रहण करेंगे। पदभार ग्रहण करने के लिए अपने गृह ग्राम जशपुर जिले के बगिया से शनिवार सुबह रवाना हुए। इस दौरान रायगढ़ भाजपा कार्यालय में कुछ देर के लिए वे रुके, जहां उन्हें बधाई देने कार्यकर्ताओ का तांता लग गया। उन्होंने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। साय के साथ प्रबल प्रताप सिंह जूदेव व रायगढ़ सांसद गोमती साय भी रायपुर रवाना हुए।
इस दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में भाजपा विपक्ष में है, इससे उनके सामने चुनौती जरूर है लेकिन भाजपा गांव गरीब किसान की पार्टी है, लिहाजा 2023 में प्रदेश में फिर से पार्टी की सरकार जरूर बनायेंगे। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर सभी आला नेताओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रदेश कार्य समिति सदस्य गुरूपाल भल्ला, जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल, जिला मंत्री आशीष ताम्रकार, शिला तिवारी, पूर्व सभापति सुरेश गोयल, विजय अग्रवाल किरोड़ीमल नगर, आलोक सिंह, पार्षद अशोक यादव, राघवन सिंह, खुलू सारथी, अनुपम पाल, रविन्द्र भाटिया सहित भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
