गुजरात राज्यसभा ‘दंगल’ में भाजपा के एक खेल से कांग्रेस विधायकों में भड़क सकती है गुटबाजी

0

गांधीनगर/अहमदाबाद, 05 जून (हि.स.)। गुजरात में चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 19 जून को होंगे। चुनाव मैदान में भाजपा के 3 और कांग्रेस के 2 उम्मीदवार हैं। इससे पहले विधायकों की संख्या के अनुसार भाजपा और कांग्रेस को 2-2 सीटें मिलने की संभावना थी। भाजपा ने चुनाव में 3 उम्मीदवार उतारकर बाजी पलट दी है। इस बीच 7 कांग्रेसी विधायकों के इस्तीफे के बाद चुनावी नजारा बदल गया है। अब भाजपा को आसानी से 3 सीटें मिलने और कांग्रेस के एक उम्मीदवार के हारने की उम्मीद है।
चुनाव मैदान में कांग्रेस ने दो उम्मीदवार भरत सिंह सोलंकी और शक्ति सिंह गोहिल को उतारा है। अब भाजपा के 3 उम्मीदवार मैदान में होने से इन दोनों नेताओं में से एक की हार निश्चित है। यदि भाजपा 3 सीटें जीतती है, तो कांग्रेस के दो दिग्गज नेताओं में से एक को हार का सामना करना पड़ सकता है। अब न केवल कांग्रेस के विधायकों को दो उम्मीदवारों भरत सिंह और शक्ति सिंह के बीच राजी होना है, बल्कि विधायकों के भी दो समूहों में विभाजित होने की संभावना है।
भाजपा ने चार में से तीन सीटें जीतने का खेल खेला है तो इसी बीच कांग्रेस के दो विधायकों ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। इसके बाद आज एक और विधायक ने इस्तीफा दे दिया। अब एक बात निश्चित है कि कोरोना के संकटकाल में ‘लॉक’ की गई गुजरात की राजनीति अब ‘अनलॉक’ हो गई है। इसलिए राजनीति में कई दिलचस्प घटनाक्रम राज्यसभा चुनाव से पहले आने वाले दिनों में देखे जा सकते हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *