सीबीआई ने दो कंपनियों पर 53 करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया

0

राजधानी की दोनों कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ जांच शुरू



नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने यूनियन बैंक को करीब 53 करोड़ का चूना लगाने के मामले में दिल्ली की दो कंपनियों और उसके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये कंपनियां सोने और हीरे के जेवरात बनाती हैं।
सीबीआई प्रवक्ता के अनुसार, एजेंसी ने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की एक शिकायत पर राजधानी दिल्ली की मेसर्स गिन्नी गोल्ड प्रा. लि. एवं इसके पांच निदेशकों, गारंटर रही कंपनी एसकेजी डुअर्स प्रा. लि. और इसके दो निदेशकों, बैंक के पैनल पर रहे दो वकीलों और यूनियन बैंक के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ करीब 53 करोड़ की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का आरोप है कि ऋण लेने वाली कंपनी मेसर्स गिन्नी गोल्ड प्रा. लि. ने ईस्ट पटेल नगर नई दिल्ली की यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से कैश क्रेडिट फैसिलिटी और बैंक गारंटी हासिल की। बैंक के अुनसार गारंटर कंपनी ने उधारी लेने वाली कंपनी द्वारा हासिल की गई सुविधा के जमानत के रूप में बैंक के पक्ष में जो संपत्ति बंधक रखा है, वह पहले ही बिक चुकी थी और उसका झूठा टाइटल डीड बैंक में जमा करा दिया। बैंक ने एफआईआर में बताया है कि गिन्नी गोल्ड प्रा. लिमिटेड ने ऋण का पुनर्भुगतान नहीं किया और उसे गैर निष्पादित संपत्ति (एनपीए) घोषित कर दिया गया, जिससे बैंक को 53 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। सीबीआई ने इस मामले को दर्ज कर राजधानी दिल्ली की दोनों कंपनियों और उसके निदेशकों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *