संचालक भू-अभिलेख एवं चांपा जांजगीर के पूर्व कलेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज

0

रायपुर, 04 जून (हि.स.)। वर्तमान में संचालक भू अभिलेख के पद पर पदस्थ एवं पूर्व में चांपा जांजगीर के कलेक्टर रह चुके जनक प्रसाद पाठक के खिलाफ पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा-376 एवं धमकाने के आरोप में 506 के तहत मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ एक स्वयंसेवी संगठन में कार्य करने वाली महिला ने यह आरोप लगाया है। थाने में यह मामला बुधवार देर शाम दर्ज किया गया। महिला ने आरोप लगाया है कि काम देने के नाम पर और पति को बर्खास्त करने की धमकी देकर कलेक्टर चेंबर में उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
सूत्रों के अनुसार पुलिस से यह शिकायत काफी दिनों पहले की गई थी लेकिन वो मामला दबा रहे थे। महिला ने जब पुख्ता प्रमाण दिए और कतिपय बड़े लोगों का दबाव पड़ा तो पुलिस को यह मामला दर्ज करना पड़ा। इस मामले में कोई भी बड़ा आईएएस अधिकारी अपनी प्रतिक्रिया देने से बच रहा है। वहीं कुछ लोगों ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि पूर्व कलेक्टर को फंसाया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला का पति सरकारी कर्मचारी है और वह खुद भी एक एनजीओ चलाती है।
जिले की पुलिस अधीक्षक पारुल माथुर ने बताया कि पीड़ित महिला ने बुधवार शाम कोतवाली पहुंचकर पूर्व कलेक्टर के खिलाफ यह रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने आरोप लगाया कि उसे काम दिलाने के नाम और पति को बर्खास्त करने की धमकी देकर दफ्तर बुलाया गया और वही पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। जानकारी के अनुसार उसने आरोपित पूर्व कलेक्टर के कुछ अश्लील मैसेज के स्क्रीनशॉट भी दिए हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने उस पर दबाव डालकर उसके अश्लील फोटो मंगाए थे। बताया जाता है कि यह मामला लगभग एक माह पहले का है। आरोपित के वहां से स्थानांतरण होने के बाद ही यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2002 में ऐसे ही एक मामले में एक आईएएस अधिकारी को सेवानिवृत्ति के बाद जेल जाना पड़ा था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *