डीआरडीओ ने बनाई अल्ट्रा स्वच्छ कीटाणुशोधन यूनिट

0

नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई), इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों, कपड़े सहित विभिन्न प्रकार की सामग्रियों को कीटाणुरहित करने के लिए अल्ट्रा स्वच्छ नामक एक कीटाणुशोधन यूनिट विकसित की है।
इस उत्पाद को इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूक्लियर मेडिसिन एंड एलाइड साइंसेज (आईएनएमएएस), डीआरडीओ की दिल्ली स्थित प्रयोगशाला ने अपने औद्योगिक पार्टनर मेसर्स जेल क्राफ्ट हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, गाजियाबाद के साथ मिलकर विकसित किया है। इस प्रणाली में कीटाणुशोधन के लिए कई अवरोध विघटन पद्धतियों को शामिल करके ओज़ोनेटेड स्पेस टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जाता है। यह प्रणाली विशेष ओजोन सीलेंट तकनीक के साथ द्वि-स्तरीय है, जो आवश्यक कीटाणुशोधन चक्र के लिए ओजोन का ट्रैपिंग सुनिश्चित करती है।
यह प्रणाली औद्योगिक, व्यावसायिक, व्यक्तिगत और पर्यावरण सुरक्षा के दृष्टिकोण से अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है। यह प्रणाली 15 एम्पियर, 220 वोल्ट और 50 हर्ट्ज बिजली की आपूर्ति पर काम करती है। इस प्रणाली में आपातकालीन शटडाउन, डोर इंटरलॉक, ड्यूल डोर, डिले साइकिल और लीक मॉनिटर आदि फीचर्स मौजूद है। एक समय में बड़ी मात्रा में कीटाणुशोधन करने के लिए इंडस्ट्रियल कैबिनेट का आयाम 7’x4’x3.25′ है। उद्योग के लिए विभिन्न आकार के कैबिनेट उपलब्ध होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *