नौशहरा सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश, तीन पाकिस्तानी आतंकी ढेर

0

राजौरी, 01 जून (हि.स.)। राजौरी जिले की नियंत्रण रेखा के साथ सटे नौशहरा सेक्टर में पाकिस्तान की तरफ से की गई घुसपैठ को नाकाम करते हुए सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। कुछ अन्य आतंकी साथ लगते जंगली क्षेत्र में छिप गए हैं जिनकी तलाश में सेना ने तलाशी अभियान चलाया है। मारे गए आतंकियों के शवों के साथ भारी मात्रा में हथियार व गोला बारूद बरामद किया गया है।
राजौरी जिले के नौशहरा सेक्टर में सोमवार सुबह नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ से दस के करीब आतंकवादियों ने घुसपैठ का प्रयास किया। सतर्क भारतीय जवानों ने इस हलचल को भांप लिया। जैसे ही आतंकी  भारतीय नियंत्रण रेखा में दाखिल हुए तो सेना ने आतंकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस गोलीबारी में तीन आतंकी मारे गए जबकि अन्य पास के जंगलों में छिप गए। इसके बाद सेना ने अन्य आतंकियों की तलाश में इलाके में अभियान शुरू कर दिया। क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी के चलते आसपास के गांवों में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि कोई भी संदिग्ध देखे जाने पर पुलिस या सेना को सूचित किया जाए। सेना का तलाशी अभियान अभी जारी है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *