शरजील इमाम मामले में उत्तर प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर को नोटिस.

0

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। सुप्रीम कोर्ट ने भड़काऊ भाषण देने के मामले में जेएनयू के छात्र शरजील इमाम की याचिका पर सुनवाई करते हुए उत्तर प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश और मणिपुर को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने पहले सिर्फ दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने दो हफ्ते के अंदर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछली 1 मई को केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया था। सुनवाई के दौरान शरजील इमाम की ओर से कहा गया था कि जामिया और अलीगढ़ में दो भाषण दिए। उन्हें खुद अपलोड नहीं किया। पिछली 18 अप्रैल को दिल्ली पुलिस ने शरजील इमाम के ख़िलाफ़ दिल्ली में दंगे भड़काने के मामले में साकेत कोर्ट में पूरक चार्जशीट दाखिल की थी। शरजील इमाम के खिलाफ देशद्रोह की धारा के तहत चार्जशीट दाखिल की गई है। चार्जशीट में कहा गया है कि 13 दिसम्बर, 2019 को शरजील इमाम ने शाहीन बाग में देश को तोड़ने की बात कही थी। पुलिस ने शरजील इमाम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 124ए और 153ए के तहत आरोप लगाया है।
18 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट दाखिल किया था जिसमें शरजील इमाम पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया है। शरजील इमाम को शाहीन बाग में आपत्तिजनक भाषण देने के मामले में बिहार से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक जामिया हिंसा की जांच के दौरान एक आरोपित ने कहा कि उसने शरजील इमाम के भाषण से प्रभावित होकर हिंसा को अंजाम दिया।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *