अब चारधाम यात्रा होगी और आसान, चंबा में 3 महीने में तैयार होगी 440 मीटर सुरंगः गडकरी

0

नई दिल्ली, 26 मई (हि.स.)। अब चारधाम की यात्रा करने वालों को काफी आसानी होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी इस योजना के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने व्यस्त चंबा शहर के नीचे हाइवे पर 440 मीटर लंबी सुरंग खोद ली है। मंगलवार को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने खुशी जताते हुए बीआरओ को बधाई दी है।
गडकरी ने इसके लिए ट्वीट किया, ‘मैं इस वैश्विक महामारी के बीच राष्ट्र निर्माण में अपने असाधारण योगदान के लिए पूरी बीआरओ टीम को बधाई देता हूं। केदारनाथ में तबाही आने के बाद से ही चारधाम के लिए सभी मौसम में संपर्क स्थापित करने को लेकर प्रतिबद्ध थे और इस दिशा में यह एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।’ बीआरओ ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-94 पर ऋषिकेश-धारसू रोड पर चंबा शहर के नीचे 440 मीटर लंबी सुरंग तैयार की है। इसके जरिए सभी मौसम में चारधाम – गंगोत्री, केदारनाथ, यमुनोत्री और बद्रीनाथ  तक पहुंचा जा सकता है। मंत्री ने कहा कि इस सुरंग से यातायात की गति को सुचार बनाने, भीड़भाड़ कम करने और चंबा शहर तक पहुंच को बेहतर बनाने के साथ ही चारधाम यात्रा के लिए आवाजाही को आसान बनाने और आर्थिक समृद्धि लाने में मदद मिलेगी।
गडकरी ने कहा कि चंबा सुरंग के निर्माण में नवीनतम ऑस्ट्रियाई प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि से 3 महीने पहले ही अक्टूबर 2020 में सुरंग से यातायात शुरू हो जाएगा। परियोजना के इस हिस्से के तहत 88 करोड़ रुपये की लागत से 6 किलोमीटर सड़क और 440 मीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही है। बीआरओ ने जनवरी 2019 में सुरंग के उत्तरी छोर पर काम शुरू किया था। बीआरओ लगभग 12,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 900 किलोमीटर लंबी चारधाम परियोजना के तहत गंगोत्री और बद्रीनाथ के पवित्र मंदिरों की ओर जाने वाले 250 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कर रहा है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिसंबर 2016 में इस परियोजना की शुरुआत की थी। कुल 11,700 करोड़ रुपये की इस परियोजना के जरिए सनातन धर्म के चारों धामों को सड़क से जोड़ा जाना है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *