चुनाव परिणाम के एक साल पूरा होने पर गिरिराज सिंह ने जताया आभार

0

बेगूसराय, 23 मई (हि.स.)। 17वीं लोकसभा चुनाव परिणाम के एक साल पूरे हो गए हैं। सफलतम एक साल पूरा होने पर सुबह से ही लोग सोशल मीडिया के माध्यम से अपने सांसद को बधाई संदेश भेज रहे हैं। बेगूसराय के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक साल पूरा होने पर बेगूसराय की जनता, कार्यकर्ता, प्रधानमंत्री और भोले शंकर को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि ‘आज लोकसभा चुनाव के रिजल्ट आए हुए पूरे एक साल हो गए। समय है एक बार फिर से ऊपर महादेव और नीचे बेगूसराय की जनता, हमारे कार्यकर्ता एवं माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद कहने का।’ उल्लेखनीय है कि विगत साल हुए लोकसभा चुनाव बेगूसराय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हो गया था। प्रखर राष्ट्रवादी कार्यकर्ता गिरिराज सिंह और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के चुनाव मैदान में आ जाने से यह सीट देश के टॉप टेन सीट में आ गया तथा कई देशों की निगाह इस सीट पर थी। चुनाव के दौरान कन्हैया कुमार और गिरिराज सिंह के समर्थकों में कई जगह झड़प भी हुई। चुनाव प्रचार में देश भर के तमाम नेता के साथ-साथ बड़ी संख्या में फिल्म और साहित्य जगत से जुड़े लोग भी यहां आए थे। लेकिन यहां के चुनाव परिणाम ने राजनीतिक विश्लेषकों के सभी गणित और बेगूसराय लोकसभा चुनाव परिणाम का इतिहास बदल डाला। 23 मई 2019 को हुए मतगणना में गिरिराज सिंह को करीब 56 प्रतिशत वोट मिले तथा उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी कन्हैया कुमार को चार लाख से भी अधिक वोट से पराजित कर बेगूसराय लोकसभा का इतिहास बदल डाला।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *