ओडिशा और पश्चिम बंगाल को केंद्र हरसंभव मदद करेगीः अमित शाह

0

केंद्रीय गृहमंत्री ने नवीन पटनायक और ममता बनर्जी से बात की



नई दिल्ली, 21 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आए तूफानी चक्रवात अम्फन को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्रियों नवीन पटनायक और ममता बनर्जी से बात की और उन्हें केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। गुरुवार को अमित शाह ने अपने ट्वीट के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी कहा कि चक्रवात अम्फन की कड़ी निगरानी कर रहे हैं और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क में भी हैं। ट्वीट में शाह ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचक बल (एनडीआरएफ) की टीमें पहले से ही लोगों की मदद के लिए राज्यों में काम कर रही हैं। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लोगों से उनका आग्रह है कि वे इनडोर रहे और निर्देशों का पालन करें। साथ ही, उन्होंने सभी की सुरक्षा औऱ कल्याण के लिए प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि चक्रवाती तूफान अम्फन ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तबाही मचा दी है। पश्चिम बंगाल में इससे लगभग 12 लोगों की मृत्यु तो ओडिशा में 7 लोगों की मौत हो गई है। इन राज्यों में कई इलाके जलमग्न हो गए हैं तो सैकड़ों मकान ध्वस्त हो गए हैं। पिछले 2 दशकों के दौरान यह अब तक का सबसे विनाशकारी तूफान था। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अम्फन ने करीब 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बुधवार शाम 5 बजे बांग्लादेश तट पार करना शुरू किया था।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *