महेंद्र सिंह धोनी मेरे लिए एक कोच की तरह हैं: कुलदीप यादव

0

नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव ने टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि धोनी ने उनके करियर को बनाने में उनकी बहुत मदद की है। इंडियन क्रिकेट हीरोज के इंस्टाग्राम पेज पर बातचीत के दौरान कुलदीप ने कहा, ‘सबको मालूम है कि उन्होंने भारतीय टीम को क्या कुछ दिया है। वह बहुत ही ज्यादा प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं।’
उन्होंने कहा, ‘माही भाई ने मुझे मेरे करियर में बहुत मदद की है। मैंने शुरुआत से ही बहुत से सुधार किए हैं और उन्होंने मुझे खेल से संबंधित बहुत सी चीजे सिखाई हैं। मेरे लिए वे एक कोच की तरह हैं।’
धोनी ने भारतीय टीम के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था, जब भारतीय टीम कीवी टीम से विश्व कप सेमीफाइनल में हार कर बाहर हो गई थी। जिसके बाद धोनी को उनको धीमी बल्लेबाजी के लिए बहुत सी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद थी कि धोनी इस साल आईपीएल के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दोबारा वापसी करेंगे। मगर दुनिया में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते आईपीएल का इस साल का सत्र स्थगित कर दिया गया।
बता दें, धोनी भारतीय टीम के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। भारत ने धोनी की कप्तानी में 2007 टी20 विश्व कप, 2011 विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था। वहीं कुलदीप यादव ने भारत के लिए खेलते हुए कुल 87 अंतरराष्ट्रीय मुकबलों में 165 विकेट अपने नाम किए हैं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *