लॉकडाउन में रवीना टंडन ने की ‘पीएम केयर्स’ शो की शूटिंग, शेयर की सेल्फी

0

90 की दशक की मशहूर अभिनेत्री रवीना टंडन ने देश में लगे लॉकडाउन के बीच ‘पीएम केयर्स’ शो की शूटिंग की है। इसकी जानकारी रवीना ने खुद सोशल  मीडिया  पर एक पोस्ट साझा कर दी। रवीना ने इंस्टाग्राम पर अपनी सेल्फी शेयर करते हुए लिखा-‘वर्तमान समय में हमारे शूटिंग के दिन, जहां हमें अपने मेकअप का फोटो चेक खुद ही करना पड़ता है। सोशल डिस्टेंसिंग के साथ शूटिंग करना पड़ता है। ‘पीएम केयर्स फंड’ के लिए एक शो की मेजबानी की। कैमरे को लगभग पचास फीट की दूरी पर रखकर फिल्माया गया और जूम लेंस के साथ क्लोज शॉट्स लिए गए। आश्चर्य होता है कि अब हमें इस नई स्वाभाविकता के साथ सामंजस्य बिठाना होगा। इसके गुजरने का इंतजार कर रही हूं!’
रवीना की यह तस्वीर शो से पहले की है, जिसे खुद रवीना ने अपने मोबाइल से लिया है। रवीना की इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर काफी पसंद किया जा रहा है। ‘पीएम केयर्स शो’ के आयोजन के जरिये कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए फंड जुटाया जायेगा, जिससे उनकी मदद की जा सके। रवीना टंडन सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती हैं और लम्बे समय बाद वह जल्द ही फिल्म ‘केजीएफ 2 ‘ से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है।फिल्म की शूटिंग फिलहाल लॉकडाउन की वजह से रुकी हुई है। इस फिल्म में रवीना के साथ साउथ फिल्मों के सुपरस्टार यश और अभिनेता संजय दत्त भी होंगे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *