बेगूसराय में भाजयुमो के नेता की दिनदहाड़े हत्या

0

बेगूसराय, 17 मई (हि.स.)। बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने रविवार की सुबह-सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बेखौफ अपराधियों ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के निवर्तमान जिला महामंत्री धीरज भारद्वाज को गोलियों से भून डाला जिससे उनकी मौत हो गई। इस गोलीबारी के दौरान एक दूध व्यवसायी समेत दो अन्य लोगों को भी गोली लगी है, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा एवं भाजयुमो कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया है तथा सदर अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई है। बताया जा रहा है कि नगर निगम क्षेत्र के कैथमा निवासी धीरज भारद्वाज अपने घर के आगे  टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी जिसमें चार गोली धीरज को लग गई।इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे दूध व्यवसायी अनिल यादव एवं एक अन्य को भी गोली लग गई। स्थानीय लोग तीनों को इलाज के लिए बेगूसराय ले जा  रहे थे जहां रास्ते में ही धीरज की मौत हो गई।  दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है तथा उनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कोई भी कुछ बोलने से परहेज कर रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *