बीस लाख करोड़ का आर्थिक पैकेज उद्योगों के अनुरूप: अनिल चौधरी

0

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। स्टील ऑथरटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने केंद्र द्वारा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि यह उद्योग की उम्मीदों के अनुरूप है, जो  सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 10 प्रतिशत है।

अनिल चौधरी ने बुधवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत के लिए रोडमैप के साथ ही भारी प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा निश्चित रूप से बहुत ही अधिक उत्साहजनक और आश्वस्त करने वाला है। यह उद्योग की उम्मीदों के अनुरूप है, जो  सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का लगभग 10 प्रतिशत है। यह इस दौरान दुनिया के अन्य विकसित देशों द्वारा की गई घोषणाओं के अनुरूप है।

चौधरी ने कहा कि यह अर्थव्यवस्था में विभिन्न औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रों को फिर से शुरू करने में बहुत मदद करेगा और सभी आर्थिक गतिविधियों को गति प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत की अपनी रणनीति में जिन पांच स्तंभों पर जोर दिया है, उनमें से एक इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो घरेलू स्टील की मांग को पूरा करेगा। एक बार फिर से आर्थिक गतिविधियां शुरू होने पर बुनियादी ढांचे और निर्माण गतिविधियों में तेजी आएगी, जिससे घरेलू बाज़ार में इस्पात की खपत फिर से बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि जैसा कि हम और अधिक समावेशी विकास मॉडल की ओर बढ़ रहे हैं, इससे खेती, एमएसएमई, पूंजीगत सामान जैसे स्टील की मांग बढ़ाने वाले क्षेत्रों का विकास होगा, जो देश के आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगा।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *