सेहत में सुधार के बाद पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को एम्स से मिली छुट्टी

0

नई दिल्ली, 12 मई (हि.स.)। सीने में दर्द की शिकायत के बाद दो दिन पहले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती किए गए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को मंगलवार को डिस्चार्ज कर दिया गया है। डॉक्टरों को कहना है कि मनमोहन सिंह अब स्वस्थ हैं।

डॉ. मनमोहन सिंह को सीने में दर्द की शिकायत के बाद रविवार रात राजधानी दिल्ली के एम्स में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। बाद में बुखार और बेचैनी की समस्या होने पर उन्हें आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। कार्डिंयोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीतीश नायक के नेतृत्व में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों का कहना है कि अब उनकी हालत स्थिर है और आज सुबह उनके शरीर का तापमान भी सामान्य रहा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया।

डॉ. सिंह के अस्वस्थ होने की खबर के बाद से तमाम राजनीतिक हस्तियों ने उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना थी। मंगलवार सुबह उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने एम्स के निदेशक से बात कर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली थी। उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और उनकी दीर्घायु की प्रार्थना करते हुए ट्वीट कर बताया था कि अब पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य में काफी सुधार है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य लाभ पर संतोष जताया है। उन्होंने लिखा है, ‘महान राष्ट्रकर्मी डॉ. मनमोहन सिंह जी के स्वास्थ्य सुधार एवं अस्पताल से डिस्चार्ज होने की सूचना मिली है। ईश्वर उन्हें लंबी उम्र दे, वे सदैव स्वस्थ रहें।’

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *