मारुति ने मानेसर संयंत्र में शुरू किया परिचालन, एक शिफ्ट में होगा काम

0

नई दिल्‍ली, 12 मई (हि.स.)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने हरियाणा के मानेसर संयंत्र में फिर से  परिचालन शुरू कर दिया है। कंपनी ने मंगलवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी है। गौरतलब है कि कोविड-19 की महामारी और लॉकडाउन के  दौरान इस संयंत्र में लगभग 40 दिनों से काम बंद  था। देशव्‍यापी बंद में कंपनी ने मानेसर और गुरुग्राम संयंत्रों में परिचालन 22 मार्च से निलंबित कर दिया था।

एमएसआई के अध्यक्ष आर सी भार्गव ने कहा कि मानेसर संयंत्र में उत्पादन शुरू हो गया है और पहली कार आज तैयार होगी। उन्होंने कहा कि इस वक्‍त 75 फीसदी कर्मचारियों के साथ एकल पारी के आधार पर परिचालन किया जा रहा है। भार्गव ने गुरुग्राम संयंत्र शुरू होने के बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा  कि वहां काम शुरू होगा, लेकिन अभी नहीं।

उल्‍लेखनीय है कि हरियाणा सरकार ने 22 अप्रैल को मारुति सुजुकी को मानेसर विनिर्माण संयंत्र फिर शुरू करने की अनुमति दी थी, लेकिन कंपनी ने कहा था  कि वह तभी परिचालन शुरू करेगी, जब उत्पादन की निरंतरता और वाहनों की बिक्री संभव होगी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *