मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं हैः अमित शाह

0

नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया है कि उन्हें कोई बीमारी नहीं है और वे पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। शनिवार को उन्होंने एक ट्वीट के जरिए यह बयान देते हुए शुभचिंतकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया है।
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर पिछले दिनों गृहमंत्री अमित शाह का एक ट्वीट वायरल हो रहा था, जिसमें लिखा है कि उन्हें गले के पिछले हिस्से में बोन कैंसर है। ट्वीट में अपील की गई है कि रमजान के इस महीने में मुस्लिम समाज के लोग शाह के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ करें। इसे देखते हुए शाह ने जो स्पष्टीकरण दिया है, उसमें उन्होंने लिखा है,‘ पिछले कई दिनों से कुछ मित्रों ने सोशल मीडिया के माध्यम से मेरे स्वास्थ्य के बारे में कई मनगढ़ंत अफवाहें फैलाई हैं। यहां तक कि कई लोगों ने मेरी मृत्यु के लिए भी ट्वीट कर दुआ मांगी है।’
ट्वीट में शाह ने लिखा है कि देश इस समय कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से लड़ रहा है और देश के गृहमंत्री के नाते देर तक अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण उन्होंने इस सब पर ध्यान नहीं दिया। जब यह संज्ञान में आया तो उन्होंने सोचा कि यह सभी लोग अपनी काल्पनिक सोच का आनंद लेते रहें, इसलिए उन्होंने कोई स्पष्टता नहीं की। परन्तु उनकी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने विगत दो दिनों से बहुत चिंता व्यक्त की है, ऐसे में उनकी चिंता को नजरअंदाज नहीं कर सकता। इसलिए स्पष्ट करना चाहता हूं, ‘मैं पूर्ण रूप से स्वस्थ हूं और मुझे कोई बीमारी नहीं है।’
शाह ने आगे कहा कि हिन्दू मान्यताओं के अनुसार, ऐसा मानना है कि इस तरह की अफवाह स्वास्थ्य को और अधिक मजबूत करती है। इसलिए ऐसे सभी लोगों से आशा करता हूं कि वे यह व्यर्थ की बातें छोड़कर उन्हें उनका कार्य करने देंगे और स्वयं भी अपने काम करेंगे। उन्होंने ट्वीट में यह भी कहा है कि जिन लोगों ने यह अफवाहें फैलाई हैं उनके प्रति भी उनके मन में कोई दुर्भावना या द्वेष नहीं है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *