पुलवामा मुठभेड़ में इनामी आतंकी रियाज नायकू साथी सहित ढेर
पुलवामा, 06 मई (हि.स.)। जिले में दो स्थानों पर जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने पांच आतंकियों को मार गिराया। पुलवामा के अवंतीपोरा मुठभेड़ में एक बड़ी सफलता मिली है। यहां सुरक्षाबलों ने हिजबुल कमांडर और लाखों के इनामी रियाज नायकू को ढेर कर दिया। जबकि इस दौरान उसका एक साथी आतंकी आदिल भी मारा गया।
रियाज नायकू हिजबुल कमांडर बुरहान वानी का करीबी था और इसने 2010 में आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का दामन थामा था। रियाज नायकू की सुरक्षाबलों को कईं मामलों में तलाश थी। आतंकी बनने से पहले रियाज एक निजि स्कूल में अध्यापक था। वहीं पुलवामा में जारी मुठभेड़ और शोसल मीडिया पर दुष्प्रचार होते देख प्रशासन ने कश्मीर घाटी में मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद कर दी है।
आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने भी आतंकी रियाज नायकू के पुलवामा मुठभेड़ में मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान रियाज एक साथी के साथ मारा गया। उन्होंने कहा कि अभियान अभी जारी है। उधर पुलवामा जिले के ही शरशाली खरयू इलाके में आतंकियों तथा सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। सुरक्षाबलों ने आतंकियों के शवों के साथ हथियार व गोला-बारूद बरामद किए हैं। यह मुठभेड़ मंगलवार देर रात से जारी थी।
