सरकार ने तरुण बजाज को रिजर्व बैंक के निदेशक के रूप में किया नामित

0

नई दिल्‍ली, 06 मई (हि.स.)। आर्थिक मामलों के सचिव तरुण बजाज को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के केंद्रीय बोर्ड में निदेशक के रूप में नामित किया गया है। सरकार ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।

वित्त मंत्रालय के ट्वीटर हैंडल पर ट्वीट कर दी गई जानकारी के अनुसार मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव तरुण बजाज रिजर्व बैंक के केंद्रीय बोर्ड के निदेशक के रूप में नामित किए गए हैं। मंत्रालय के मुताबिक बजाज आ‍रबीआई में अतनु चक्रवर्ती की जगह पर नामित किए गए हैं। दरअसल चक्रवर्ती 30 अप्रैल को आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव के पद से रिटायर हुए हैं। मंत्रालय के अनुसार तरुण बजाज  का नॉमिनेशन 5 मई, 2020 से प्रभावी होगा। बजाज ने एक मई को आर्थिक मामलों के सचिव का पद संभाला था।

उल्‍लेखनीय है कि तरुण बजाज को वित्त मंत्रालय के पुराने जानकार के तौर पर जाना जाता है। बजाज 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा आईएएस (अफसर) हैं। वे आर्थिक मामलों के सचिव का पद संभालने से पहले वे प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर थे। साल 2015 में पीएमओ में नियुक्‍ती से पहले बजाज आर्थिक मामलों के विभाग में संयुक्त सचिव थे। उन्होंने वित्त सेवा विभाग में निदेशक और संयुक्त सचिव के रूप में भी काम किया है। इसके साथ ही बजाज वित्त सेवा विभाग में 4 साल तक संयुक्त सचिव के पद रहे है। बता दें कि बजाज के पास यहां इंश्योरेंस सेक्टर की जिम्मेदारी थी।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *