मथुरा में सड़क हादसा, मां-बेटी समेत सात की मौत

0

खरबूजे से लदे ट्रक ने टैम्पो में टक्कर मारकर यात्रियों को रौंदा



मथुरा, 05 मई (हि.स.)। मगोर्रा थानाक्षेत्रान्तर्गत सोमवार की देर रात खरबूजे से लदे ट्रक ने गांव नगरी के पास सवारियों से भरे टैम्पो में टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पांच लोगों ने अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक देहात श्रीशचन्द्र ने मंगलवार को बताया कि हाईवे क्षेत्र में रह रहे मजदूरों को किसी ने बीती रात सूचना दी कि जाजमपट्टी भरतपुर रोड से मध्य प्रदेश के लिए बस जा रही हैं। तभी 24 मजदूर दो टैम्पो में सवार होकर वहां के लिए निकल गए। भरतपुर रोड पर खरबूजे से लदे एक बेकाबू ट्रक ने एक टैम्पो में टक्कर मार दी। टैम्पो में सवार अशोक की 36 वर्षीय पत्नी रामसखी और पांच साल की बेटी लक्ष्मी की मौके पर मौत हो गई। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मध्य प्रदेश निवासी रोशनी (18), राजू उर्फ कैलाश (18), शिवरन उर्फ शिवम और रुचि (08) व मथुरा के हाइवे थाना बु​द्धविहार के महारौली निवासी टैम्पो चालक मदन मोहन ने दम तोड़ दिया। मध्य प्रदेश की रहने वाले रामरतन की पत्नी लक्ष्मी, उनकी दो साल की बेटी मोहनी, गंभीर रूप से घायल हो गये, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *