उप्र के विधायक अमनमणि त्रिपाठी के काफिले ने किया लॉक डाउन का उल्लंघन, 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा

0

ऋषिकेश, 04 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के विधायक अमन मणि त्रिपाठी समेत 12 लोगों के खिलाफ टिहरी जिले के मुनी की रेती थाना अंतर्गत व्यासी पुलिस चौकी में रविवार रात  लॉक डाउन के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। वह पूरे लाव-लश्कर के साथ ऋषिकेश से बद्रीनाथ जा रहे थे। यह जानकारी सोमवार को मुनी की रेती थाना प्रभारी आरके सकलानी ने दी।
उन्होंने बताया कि नौतनवा से विधायक त्रिपाठी अपने 11 साथियों के साथ लॉक डाउन का उल्लंघन कर बद्रीनाथ जा रहे थे। व्यासी में उनके काफिले को जांच के लिए रोका गया। त्रिपाठी की फॉर्च्यूनर कार व उनके काफिले की दो अन्य कारों की जांच की गई। त्रिपाठी ने अपर जिलाधिकारी देहरादून की अनुमति दिखाई। इसमें विधायक के अलावा आठ लोगो की अनुमति थी। मगर तीनों गाड़ियों में चार-चार  लोग थे।  प्रशासन की अनुमति एक कार में सिर्फ तीन लोगों के बैठने की थी।
थाना अध्यक्ष ने कहा कि इनमें से किसी ने भी मास्क नहींं पहना था। व्यासी चौकी में प्रभारी निरीक्षक ने इनके खिलाफ 55/20, धारा 188/269/270, 2/3 महामारी अधिनियम और 51 आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया है। इनमें विधायक अमन मणि त्रिपाठी,  विनय सिकरवाल, मनीष, संजय, उमेश चौबे, रितेश यादव, अजय यादव,ओम प्रकाश यादव, जय प्रकाश तिवारी, रामजी प्रसाद तिवारी, सुधाकर मिश्र, मायाशंकर, श्रीप्रकाश शामिल हैं। सभी से चौकी में पूछताछ की गई। इसके बाद इनको 41 सीआरपीसी के नोटिस के बाद टिहरी जनपद की सीमा से बाहर किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *