दो सप्ताह बढ़ा लॉकडाउन, पर बहुत कुछ खुलेगा

0

नई दिल्ली, 1 मई (हि.स.)। देश भर में लॉकडाउन 2 सप्ताह के लिए बढ़ा दिया गया। शुक्रवार को केंद्र सरकार की तरफ से बयान जारी कर इसकी अवधि बढ़ा दी गई। अब17 मई तक लॉकडाउन-3  चलेगा। इस दौरान रेड जोन में किसी तरह की राहत नहीं दी जाएगी तो ग्रीन और आरेंज जोन में प्रतिबंधित गतिविधियों को छोड़कर चरणबद्ध तरीके से जनता को धीरे-धीरे राहत दी जाएगी। इसी क्रम में आज स्वास्थय मंत्रालय ने शुक्रवार सुबह ही रेड, ओरेंज और ग्रीन जोन से संबंधित जिलों की एक विस्तृत सूची जारी की थी। गृह मंत्रालय ने विस्तृत दिशा-निर्देश में ग्रीन जोन में अधिकांश गतिविधि शुरू करने की इजाजत दी है जबकि रेड जोन और कन्टेन्मेंट जोन में अभी अधिकांश गतिविधियां प्रतिबंधित ही रहेंगी। (अलग से विस्तृत खबर )
शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में 3 मई को खत्म हो रहे लॉकडाउन को लेकर एक अहम बैठक की। इसमें यह फैसला लिया गया कि फिलहाल लॉकडाउन को दो सप्ताह के लिए और बढ़ा दिया जाए। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह, वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण, रेलमंत्री पीयूष गोयल, चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन सहित कई वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। इससे पहले लगभग दर्जन भर मुख्यमंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सुझाव दिया था कि देशहित को ध्यान में रखते हुए लॉकडाउन को कम से कम दो सप्ताह बढ़ाया जाना चाहिए। इसे देखते हुए सरकार ने शुक्रवार को यह आदेश जारी कर दिया।
गृह मंत्रालय ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत 4 मई से आगे दो सप्ताह की लॉकडाउन अवधि को आगे बढ़ाने के लिए आदेश जारी किया। अब 17 मई तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। इस दौरान सार्वजनिक परिवहन जैसे रेलवे और विमान जैसी सेवाएं स्‍थगित रहेंगी। हालांकि, ग्रीन जोन में गृह मंत्रालय द्वारा दी गई छूट जारी रहेगी। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के अनुसार, देश में रेड जोन के तहत 130 जिले, ऑरेंज जोन के तहत 284 जिले और ग्रीन जोन के तहत 319 जिलों को रखा गया है। हर सप्‍ताह इसका आकलन किया जाएगा और संक्रमित मामलों के अनुसार जोन में बदलाव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *