54 वर्ष की उम्र में अभिनेता इरफान खान का निधन

0

बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान का 54 वर्ष की उम्र में बुधवार को निधन हो गया। वह काफी समय से न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से ग्रसित थे। उनकी मौत की खबर फिल्म निर्माता शूजीत सरकार ने सोशल मीडिया पर दी। शूजित सरकार ने ट्विटर पर लिखा-मेरे प्रिय मित्र इरफान। आप लड़े और लड़े और लड़े। मुझे आप पर हमेशा गर्व रहेगा.. हम फिर से मिलेंगे .. सुतापा और बाबिल के प्रति संवेदना.. आपने भी लड़ाई लड़ी, सुतापा आपने इस लड़ाई में हर संभव मदद की। शांति और ओम शांति।’
हाल में बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी जिस कारण उन्हें मुंबई के कोक‍िलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था और वह आईसीयू में थे। कुछ दिन पहले ही उनकी मां सईदा बेगम का निधन हो गया था। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अपनी मां के अंतिम दर्शन किए थे। वर्ष 2017 में इरफान को न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर का पता चला था। उसी साल जून माह में इरफान काम को बीच में ही छोड़कर इलाज कराने के लिए विदेश चले गए थे। इरफान ने सोशल मीडिया के माध्यम से बीमारी की जानकारी दी थी। पिछले साल विदेश से घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ की शूटिंग पूरी की थी। इस साल के शुरू में उनकी तबीयत ठीक नहीं थी जिस कारण उन्होंने फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ का प्रमोशन नहीं किया था, इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर दी थी।
इरफान खान आखिरी बार ‘अंग्रेजी मीडियम’ में नजर आए थे, जो 13 मार्च को रिलीज हुई थी। हालांकि लॉकडाउन के चलते यह फिल्म सिर्फ दो दिन ही सिनेमाघरों में चल पाई। फिल्म के ट्रेलर रिलीज से पहले इरफान ने फैंस के लिए यू-ट्यूब पर अपना इमोशनल मैसेज छोड़ा था। उन्होंने कहा था-‘हैलो भाइयों-बहनों, नमस्कार। मैं इरफान। मैं आज आपके साथ हूं भी और नहीं भी। खैर, ये फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ मेरे लिए बहुत खास है। सच…यकीन मानिए, मेरी दिली ख्वाहिश थी कि इस फिल्म को उतने ही प्यार से प्रमोट करूं, जितने प्यार से हम लोगों ने बनाया है। लेकिन मेरे शरीर के अंदर कुछ अनवांटेड मेहमान बैठे हुए हैं। उनसे वार्तालाप चल रहा है। देखते हैं किस करवट ऊंट बैठता है। जैसा भी होगा आपको इत्तिला कर दी जाएगी।’
इरफान ने कई फिल्मों ‘मकबूल’, ‘लाइफ इन अ मेट्रो’, ‘द लंच बॉक्स’, ‘पीकू’, ‘तलवार’, ‘हासिल’,  ‘लाइफ इन अ मेट्रो’, ‘पान सिंह तोमर’ और ‘हिंदी मीडियम’ शामिल हैं। ‘पान सिंह तोमर’ के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। इसके अलावा इंडस्ट्री में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने पद्मश्री सम्मान भी दे चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *